गाजियाबाद। शहर के पॉश इलाके में हुए विवाद में कुछ लोगों ने हल्द्वानी उत्तराखंड निवासी होटल कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। गोलीबारी में उसका साथी घायल हो गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस उन्हें तलाश रही है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में हल्द्वानी स्थित एक होटल में पार्टनरशिप को लेकर विवाद चल रहा था। गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र के पॉश इलाके राजनगर एक्सटेंशन में रविवार देर शाम आपसी विवाद के चलते दो पक्षों में गोली चल गई। इस घटना में हल्द्वानी उत्तराखंड निवासी राहुल डागर (32) की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक आशीष (28) गोली लगने से घायल हो गया।
अवैध संबंधों के शक में युवक ने पत्नी की हत्या कर फरार
उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हार्मनी पॉइंट मार्केट में अचानक गोलीबारी की इस घटना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नंदग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में हल्द्वानी स्थित एक होटल की पार्टनरशिप को लेकर विवाद सामने आया है। पुलिस के मुताबिक गोली नागेंद्र और उसके एक साथी ने चलाई थी।
दोस्तों संग नहाने गए युवक की वाटरफॉल में डूबने से मौत
दोनों आरोपी फरार हैं। पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। पुलिस उपायुक्त नगर जोन धवल जायसवाल ने बताया कि जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे को जानते थे और पुरानी रंजिश को लेकर बहस के बाद गोली चलाई गई। घटना उस समय हुई जब कुछ युवक राजनगर एक्सटेंशन में एक रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद बाहर निकले और आपस में विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान गोली चली जिसमें राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। डीसीपी ने बताया कि दो आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।