मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के तहत 11 प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनमें विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, लाभार्थियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, सरकार के फैसलों और केंद्र व राज्य की योजनाओं से हुए वास्तविक बदलाव व लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत गैस वितरण केंद्रों, राशन दुकानों, धार्मिक स्थलों, गंगा तट सहित विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन और सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नए मेडिकल कॉलेज, पुल, बांध, अमृत सरोवर और जन औषधि केंद्रों पर भी कार्यक्रम होंगे, जिनमें सामाजिक संगठनों की सहभागिता रहेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ के तहत विद्यालयों में देश की उपलब्धियों पर आधारित नाटकों का मंचन किया जाएगा। वहीं ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों और अभिभावकों की सहभागिता से गतिविधियां होंगी, जिसमें मातृ-बाल स्वास्थ्य, पोषण एवं कल्याण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा की कहानियों’ के जरिए सरकारी योजनाओं से नागरिकों के जीवन में आए बदलावों को भाषण, चित्रकला और कहानियों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। वहीं ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत ‘विकसित भारत 2047’ से जुड़े कलश की स्थापना के साथ साइकिल और बाइक यात्रा भी आयोजित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘सेवा: मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत नागरिकों को वृक्षारोपण, स्वच्छता, शिक्षण सहित समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। वहीं ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत शिविरों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में रंगोली के माध्यम से ‘विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना प्रदर्शित की जाएगी। वहीं ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए IITs, IIMs और विशेषज्ञों की मदद से नवाचारों को मार्गदर्शन, परीक्षण एवं नियामकीय सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और उनके नेतृत्व में देश ने ‘विकसित भारत’ का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि इस संकल्प को साकार करने में युवाओं सहित हर नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सभी जिलों में व्यापक रूप से आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रभारी मंत्री भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा बताए गए ‘उत्तराखंड दशक’ के संकल्प को जनभागीदारी से आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, राम सिंह कैड़ा एवं महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।


