हल्द्वानी में देर रात रोडवेज बस हादसा, पांच यात्री घायल; बस में सवार थे 23 लोग
हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी से देहरादून जा रही रोडवेज बस मंगलवार देर रात कालाढूंगी के पास धमोला से आगे मैदान के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो महिलाओं और तीन पुरुषों समेत कुल पांच यात्री घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कालाढूंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निजी वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया। यहां सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:35 बजे राहगीरों ने बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना दी थी। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में कुल 23 यात्री सवार थे। दुर्घटना में घायल यात्रियों की पहचान प्रदीप चंद भट्ट (34), निवासी बेरिंग पाखू, भूपेंद्र सिंह मेहता (22), निवासी ओकरा, मुनस्यारी, नेहा (24), निवासी मोती नगर, बाकोलिया, जगदंबा कॉलोनी, हल्द्वानी, अंकित भट्ट (28), निवासी डूंगाखोला, अल्मोड़ा और सूरज चंद्र आर्य (27), निवासी रामवर्धन, बनरजुड़ा, बेल पोखरा, कालाढूंगी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के समय बस चालक शेर सिंह मौके पर मौजूद नहीं थे। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया जा चुका है और उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। फिलहाल बस दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।












