लालकुआं में तेज रफ्तार कार का कहर, बाइक सवार सुपरवाइजर गंभीर घायल; हायर सेंटर रेफर
लालकुआं न्यूज- उत्तराखंड के लालकुआं में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नगर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल नगर के एक निजी क्लीनिक पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय राजीव कश्यप रुद्रपुर स्थित डीपीजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि वह बाइक से वीआईपी गेट क्षेत्र से लालकुआं की ओर आ रहे थे। इसी दौरान नगर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में जैन ट्रांसपोर्ट के ठीक सामने पंतनगर की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजीव कश्यप बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायल को निजी क्लीनिक पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।
निजी क्लीनिक के चिकित्सक डॉ. विजय विश्वास ने बताया कि घायल के हाथ और पैर में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।












