उत्तराखंड में खेल महाकुंभ-2026 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं स्थगित, नई तारीखों का इंतजार
देहरादून। उत्तराखंड में आयोजित होने वाले ‘खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 2026’ की राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इन प्रतियोगिताओं का आयोजन 30 अक्टूबर से प्रस्तावित था, जिसमें एथलेटिक्स, कबड्डी और पिट्टू जैसी खेल स्पर्धाएं शामिल थीं।
इन प्रतियोगिताओं में अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों के साथ-साथ 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग की महिला ओपन श्रेणी के खिलाड़ियों को भी प्रतिभाग करना था। प्रतियोगिताओं के स्थगित होने से खिलाड़ियों को अब नई आयोजन तिथियों का इंतजार करना होगा।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल ने इस संबंध में प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर जानकारी दी है। पत्र के माध्यम से बताया गया है कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के साथ-साथ समापन समारोह की नई तिथियां भी बाद में घोषित की जाएंगी। नई तारीखों की घोषणा के बाद ही प्रतियोगिताओं के आगामी आयोजन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।












