बागेश्वर। पेंशनरों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने और उन्हें ऑनलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोषागार बागेश्वर की ओर से राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान-5 के तहत तहसील सभागार, बागेश्वर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनपद के राज्य पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (Digital Life Certificate) बनवाने की प्रक्रिया, ऑनलाइन सुविधाओं, बैंकिंग सेवाओं और साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कोषाधिकारी बागेश्वर श्री के.आर. शार्की ने पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से पेंशनरों को काफी सुविधा मिलती है। उन्होंने इसके महत्व, प्रक्रिया और पेंशनरों के लिए उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से समझाया। वहीं, उप कोषाधिकारी कपकोट श्री जितेंद्र चंद्र उपाध्याय ने पेंशन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए पेंशनरों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
शिविर में भारतीय स्टेट बैंक के प्रतिनिधि एवं मैनेजर श्री मनीष मिश्रा ने बैंकिंग सुविधाओं और पेंशन भुगतान से संबंधित विषयों पर जानकारी साझा की। वहीं, लीड बैंक के वित्तीय साक्षरता केंद्र (FLC) के काउंसलर श्री चंदन सिंह ने पेंशनरों को वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग जागरूकता और सुरक्षित वित्तीय लेनदेन के बारे में जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस विभाग की उपनिरीक्षक (SI) सुश्री मंजू पवार ने पेंशनरों को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल ठगी के बढ़ते मामलों के प्रति सचेत किया। उन्होंने ऑनलाइन ठगी से बचने के जरूरी उपायों की जानकारी देते हुए अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी के साथ ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने की सलाह दी। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. शिप्रा ने पेंशनरों को स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
शिविर में सहायक लेखाकार श्री विजय देवपा, श्री रमेश बिष्ट और श्री मोहसिन अख्तर ने भी पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने, पेंशन संबंधी प्रक्रियाओं और अन्य आवश्यक विषयों पर जानकारी प्रदान की। इस जागरूकता शिविर के माध्यम से पेंशनरों को डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाने, बैंकिंग सुविधाओं का सुरक्षित उपयोग करने और साइबर अपराधों से सतर्क रहने के प्रति जागरूक किया गया।












