उत्तराखंड में कल से सरकारी दरों पर शुरू होगी धान खरीद, राइस मिलर संगठन ने किया ऐलान
रुद्रपुर (महानाद)। उत्तराखंड में धान खरीद को लेकर चल रहा गतिरोध अब खत्म होता नजर आ रहा है। मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू से मुलाकात के बाद उत्तराखंड राइस मिलर संगठन ने कल से सरकारी दरों पर धान खरीद शुरू करने की घोषणा की है। इस फैसले से धान बेचने का इंतजार कर रहे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
दरअसल, आज मंडी परिषद में उत्तराखंड राइस मिलर संगठन के प्रतिनिधियों ने मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू से मुलाकात की। इस दौरान रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा भी मौजूद रहे। बैठक में राइस मिलरों ने धान खरीद को लेकर आ रही समस्याओं और लंबे समय से बने गतिरोध के संबंध में अध्यक्ष के साथ विस्तार से चर्चा की। संगठन ने अपनी मांगों और समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
बैठक के दौरान मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने राइस मिलर संगठन को आश्वासन दिया कि उनकी सभी मांगों और समस्याओं से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 16 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के साथ बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही उन्होंने राइस मिलरों से किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए धान खरीद तत्काल शुरू करने का आग्रह किया।
वहीं, उत्तराखंड राइस मिलर संगठन के अध्यक्ष सत्यवान गर्ग ने घोषणा की कि प्रदेश के सभी राइस मिलर कल से किसानों का धान सरकारी दरों पर खरीदना शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि संगठन से जुड़े सभी राइस मिलर सरकार की नीतियों का पालन करेंगे और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए धान खरीद की प्रक्रिया आगे बढ़ाएंगे।
सत्यवान गर्ग ने मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने राइस मिलरों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि डॉ. कपूर के नेतृत्व में संगठन की समस्याओं का जल्द समाधान होगा। अब सभी की नजरें कल से शुरू होने वाली धान खरीद प्रक्रिया और 16 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के साथ प्रस्तावित बैठक पर टिकी हैं।













