देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश, डिग्री कॉलेजों और आईटीआई भवनों की समीक्षा
देहरादून (उत्तराखंड): मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई और कई प्रस्तावों पर सहमति प्रदान की गई। इस दौरान मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरे करने और विकास परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत डिग्री कॉलेजों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों में कार्यदायी संस्था मंडी परिषद की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों की समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए प्रत्येक कार्य की समय-सीमा निर्धारित करने और स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया, ताकि परियोजनाओं को तय समय पर पूरा किया जा सके।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए और विद्यार्थियों की तात्कालिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कक्षाओं तथा प्रयोगशालाओं के निर्माण को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की जरूरत और उपयोगिता के आधार पर प्राथमिकताएं तय की जाएं, जिससे उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके और विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं समय पर मिल सकें।
डिग्री कॉलेजों में कंप्यूटर आधारित परीक्षा केंद्र विकसित करने पर जोर
बैठक में डिग्री कॉलेजों में परीक्षा भवनों के निर्माण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने परीक्षा हॉल को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के अनुकूल बनाने की संभावनाएं तलाशने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि उत्तराखंड के प्रत्येक जनपद में कम से कम एक ऐसा परीक्षा केंद्र विकसित करने की दिशा में काम किया जाए, जहां कर्मचारी चयन आयोग (SSC) और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की प्रतियोगी परीक्षाएं कंप्यूटर आधारित प्रणाली के माध्यम से आयोजित की जा सकें।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन की क्षमता बढ़ाने और अभ्यर्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है। इसके साथ ही मुख्य सचिव ने आईटीआई भवनों के निर्माण में सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर प्रशिक्षण का माहौल मिल सके।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
व्यय वित्त समिति की इस बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एडीजीपी (कारागार) अभिनव कुमार, सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी, सी. रविशंकर, डॉ. रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव मनुज गोयल और नरेंद्र सिंह भंडारी सहित विभिन्न संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विभागीय प्रस्तावों की समीक्षा के साथ निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और शैक्षणिक संस्थानों में आवश्यक सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया गया।












