हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में अमन ठाकुर की हत्या के मामले का नैनीताल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी निक्की उर्फ नाटी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे/निशानदेही से वारदात में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को स्थानीय पार्षद द्वारा बनभूलपुरा पुलिस को जवाहर नगर में एक युवक के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां बरामदे में एक युवक मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान अमन ठाकुर (29), पुत्र भोले ठाकुर, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। बताया गया कि अमन पिछले चार-पांच वर्षों से क्षेत्र में रह रहा था।
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने जांच के दौरान मृतक के गले पर यू-आकार का निशान पाया। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया। परिजनों की अनुपस्थिति में पुलिस ने न्यायहित में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फत्र्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी निक्की उर्फ नाटी को रेलवे स्टेशन के पास गौला नदी किनारे स्थित एक झोपड़ी से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा उसके कार्यस्थल मस्ता टेंट हाउस से बरामद किया गया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





