औली में ‘युद्ध अभ्यास 2026’: भारत-अमेरिका सेनाओं ने किया संयुक्त आतंकवाद विरोधी अभ्यास
औली। उत्तराखंड के औली में आयोजित ‘युद्ध अभ्यास 2026’ के दौरान भारतीय और अमेरिकी सेना के जवानों ने आतंकवाद-विरोधी अभियानों की तैयारियों को लेकर संयुक्त प्रशिक्षण किया। इस दौरान दोनों सेनाओं के सैनिकों ने बिल्डिंग-क्लियरेंस और रूम-इंटरवेन्शन जैसी विशेष ड्रिल का अभ्यास किया। इन ड्रिल को नजदीकी मुकाबले और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया था।
अमेरिकी सेना के जवानों ने अभ्यास में शामिल भारतीय सैनिकों से संवाद किया और विभिन्न उपकरणों का अवलोकन कर प्रदर्शित की गई तकनीकों एवं क्षमताओं को समझा। दोनों सेनाओं के बीच हुए इस संयुक्त प्रशिक्षण से पेशेवर अनुभवों के आदान-प्रदान, सामरिक समझ और एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करने की क्षमता को और मजबूत करने में मदद मिली।
‘युद्ध अभ्यास 2026’ के माध्यम से भारतीय और अमेरिकी सेनाओं ने संयुक्त अभियानों के दौरान समन्वय, तकनीकी दक्षता और आतंकवाद-विरोधी अभियानों की तैयारियों को बेहतर बनाने पर जोर दिया।




