उत्तराखंड मौसम: पहाड़ से मैदान तक बिगड़ा मौसम का मिजाज
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ गया है। पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के सभी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। वहीं, देहरादून समेत आठ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार हो रही बारिश का असर पर्वतीय क्षेत्रों की नदियों और नालों पर भी दिखाई दे रहा है। रुद्रप्रयाग जिले में अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर के करीब पहुंच गया है। नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और संबंधित विभागों को निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
रुद्रप्रयाग में बारिश से बढ़ा नदियों का जलस्तर
रुद्रप्रयाग। जिले में शनिवार सुबह से बारिश का दौर जारी है। लगातार वर्षा के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां चेतावनी स्तर के करीब पहुंच गई हैं। बीते 24 घंटों में रुद्रप्रयाग में 8 मिमी, ऊखीमठ में 12.50 मिमी और जखोली में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई।
सुबह 8 बजे अलकनंदा नदी का जलस्तर 625.90 मीटर दर्ज हुआ, जबकि चेतावनी स्तर 626 मीटर और खतरे का निशान 627 मीटर है। प्रशासन ने स्थिति पर निगरानी बढ़ा दी है।
मंदाकिनी भी चेतावनी स्तर के करीब
मंदाकिनी नदी का जलस्तर 624.90 मीटर दर्ज किया गया, जबकि चेतावनी स्तर 625 मीटर और खतरे का निशान 626 मीटर है। दोनों नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों और प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत है।
7 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने नैनीताल, बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी और चमोली में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश और कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली की संभावना है।
8 सितंबर
प्रदेश के पहाड़ी जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और तेज से अति तेज बारिश के आसार हैं।
9 सितंबर
पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की संभावना है। कई स्थानों पर आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश हो सकती है।
लगातार बारिश के मद्देनजर लोगों को नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और खराब मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।




