त्योहारी सीजन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट, कुट्टू के आटे के कारोबारियों को किया जागरूक
रुड़की। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति व्यापारियों को जागरूक करने के लिए रुड़की में एक विशेष जागरूकता बैठक आयोजित की गई। कुट्टू के आटे के निर्माण, बिक्री एवं भंडारण में बरती जाने वाली सावधानियों के साथ ही लाइसेंस और पंजीकरण संबंधी नियमों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय तथा जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में 9 अक्टूबर 2026 को रुड़की के होटल दीप रेजिडेंसी में जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों, होलसेलरों, डिस्ट्रीब्यूटरों और रिटेल व्यवसायियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में उप आयुक्त गढ़वाल मंडल आरएस रावत ने व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कुट्टू के आटे के निर्माण, बिक्री और भंडारण के दौरान आवश्यक सावधानियों पर जोर देते हुए व्यापारियों की शंकाओं का मौके पर समाधान किया। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए निर्धारित मानकों का पालन करना बेहद जरूरी है।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने कुट्टू के आटे के निर्माण से लेकर बिक्री तक पैकेट पर अंकित की जाने वाली अनिवार्य जानकारियों के बारे में बताया। उन्होंने पिछली घटनाओं से जुड़े तथ्यों को साझा करते हुए व्यापारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित भंडारण के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता समझाई।
वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डेय, दिलीप जैन और कपिल देव ने खाद्य कारोबारियों को लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया, खाद्य पदार्थों के लेबल की जांच, फूड सेफ्टी एंड कंप्लायंस सिस्टम (FoSCoS) पोर्टल पर ऑनलाइन जांच, प्रवर्तन कार्रवाई और ऑनलाइन निरीक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। अधिकारियों ने कारोबारियों को नियमों के अनुरूप व्यवसाय संचालित करने के लिए प्रेरित किया।
बैठक का संचालन भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के ट्रेनिंग एवं आउटरीच पार्टनर आशीष भार्गव ने किया। इस अवसर पर व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि धीरसींह, रामगोपाल कस्सल, कक्कू बंसल, रुड़की डिस्ट्रिब्यूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सैनी, महामंत्री सुशील गुप्ता, मुख्य सलाहकार संजीव आहूजा, प्रदेश महामंत्री नितिन शर्मा और प्रवीण मेहदीरत्ता सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस पहल का उद्देश्य त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना, खाद्य सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए व्यापारियों को आवश्यक जानकारी देना है।













