उत्तराखंड: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा ने इस वर्ष नया ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। चारधाम यात्रा में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 56,18,497 तक पहुंच गई है। इसी के साथ वर्ष 2023 में दर्ज अब तक के सर्वाधिक श्रद्धालुओं के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए इस वर्ष चारधाम यात्रा ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या से देवभूमि में धार्मिक पर्यटन को भी नई मजबूती मिली है और देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी श्रद्धालुओं का उत्तराखंड की ओर रुझान लगातार बढ़ रहा है।
चारधाम यात्रा ने तोड़ा पुराना रिकॉर्ड
चारधाम यात्रा के प्रति देश-दुनिया के श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। केदारनाथ धाम, बदरीनाथ धाम, गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम में दर्शन के लिए इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचे हैं। यात्रा में 56 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। श्रद्धालुओं की यह रिकॉर्ड संख्या उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन के लगातार विस्तार और चारधामों के प्रति देशभर में बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। चारधाम यात्रा राज्य की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है।
यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाओं को किया जा रहा मजबूत
चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार एवं प्रशासन की ओर से यात्रा मार्गों पर लगातार व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, आवास और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
सुरक्षित और सुगम यात्रा पर सरकार का फोकस
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। यात्रा मार्गों पर भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े इंतजामों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से भी यात्रा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने, मौसम एवं यात्रा मार्गों की परिस्थितियों को ध्यान में रखने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।
उत्तराखंड आने वाला हर श्रद्धालु हमारा अतिथि: CM धामी
चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड बनने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसन्नता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु राज्य का अतिथि है और सरकार का प्रयास है कि हर श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद हो। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में विकसित की जा रही बेहतर सुविधाओं और देशभर के श्रद्धालुओं के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। सरकार का उद्देश्य है कि आने वाले समय में चारधाम यात्रा को और अधिक सुविधाजनक एवं सुरक्षित बनाया जाए, जिससे देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालु देवभूमि से सुखद अनुभव लेकर लौटें।













