आसमान के करीब दौड़ेंगे धावक! 15 हजार फीट की ऊंचाई पर होगा ‘आदि कैलाश परिक्रमा रन-2026’
उत्तराखंड: हिमालय की बर्फीली चोटियों, दुर्गम पहाड़ी रास्तों और रोमांच से भरपूर व्यास घाटी में एक बार फिर रफ्तार और साहस का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तहसील स्थित व्यास घाटी में पर्यटन विभाग की ओर से ‘आदि कैलाश परिक्रमा रन-2026’ के दूसरे संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। इस हाई-एल्टीट्यूड अल्ट्रा रन का मुख्य केंद्र और बेस कैंप गुंजी गांव को बनाया गया है।
यह मैराथन देश की चुनिंदा और सबसे चुनौतीपूर्ण हाई-एल्टीट्यूड रनों में शामिल है। समुद्र तल से करीब 10,500 से 15,000 फीट की ऊंचाई पर आयोजित होने वाली इस दौड़ में प्रतिभागियों को बर्फीले, ऊबड़-खाबड़ और कठिन पहाड़ी भू-भाग से होकर गुजरना होगा। यानी यहां धावकों का मुकाबला सिर्फ दूरी से नहीं, बल्कि ऊंचाई, मौसम और दुर्गम रास्तों से भी होगा।
गुंजी से आदि कैलाश बेस तक रफ्तार का रोमांच
आदि कैलाश परिक्रमा रन का रूट हिमालयी क्षेत्र के प्रमुख इलाकों से होकर गुजरेगा। प्रतिभागियों को गुंजी, नाबी, कुटी और जोलिंगकोंग, यानी आदि कैलाश बेस जैसे क्षेत्रों से होकर दौड़ना होगा। समुद्र तल से हजारों फीट ऊपर ऑक्सीजन की कमी और कठिन परिस्थितियों के बीच दौड़ पूरी करना प्रतिभागियों के लिए बड़ी चुनौती होगी।
ऐसे चुनौतीपूर्ण वातावरण में यह अल्ट्रा रन प्रतिभागियों की शारीरिक फिटनेस, सहनशक्ति और मानसिक मजबूती का भी कड़ा इम्तिहान लेगी। यही वजह है कि आदि कैलाश परिक्रमा रन को सामान्य मैराथन से अलग और बेहद खास माना जा रहा है।
सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
पर्यटन विभाग के अनुसार, आयोजन का मकसद सिर्फ साहसिक खेलों को बढ़ावा देना नहीं है, बल्कि उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों में एडवेंचर टूरिज्म को नई पहचान देना भी है। इसके साथ ही आयोजन के जरिए वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
हिमालय की ऊंची चोटियों और आदि कैलाश क्षेत्र की प्राकृतिक खूबसूरती के बीच आयोजित होने वाली यह दौड़ देश-दुनिया के धावकों को उत्तराखंड के सीमांत इलाकों से रूबरू कराने का भी माध्यम बनेगी।
यानी इस बार आदि कैलाश की धरती पर सिर्फ कदम नहीं पड़ेंगे, बल्कि 15 हजार फीट की ऊंचाई पर रफ्तार, साहस और जुनून की नई कहानी लिखी जाएगी।
आदि कैलाश परिक्रमा रन-2026 के तहत 24 से 26 अक्टूबर तक व्यास घाटी में साहसिक गतिविधियों का आयोजन होगा।
- 24 अक्टूबर: 70 किमी अल्ट्रा रन और 42 किमी फुल मैराथन
- 25 अक्टूबर: 21 किमी हाफ मैराथन, 10 किमी और 5 किमी रन
- 26 अक्टूबर: माउंटेन टेरेन बाइकिंग (MTB)
इस आयोजन में करीब 1,000 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। पंजीकरण की अंतिम तारीख 10 अक्टूबर 2026 है।
पर्यटन विभाग का उद्देश्य आदि कैलाश क्षेत्र की प्राकृतिक खूबसूरती, संस्कृति और आध्यात्मिक महत्व को दुनिया के सामने लाने के साथ सीमांत गांवों में पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देना है।













