देहरादून। आईआईटी रुड़की में मॉर्निंग वॉक के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे में प्रोफेसर की पत्नी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब 50 वर्षीय रूपा राय सुबह की सैर के लिए निकली थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें देहरादून रेफर किया गया, जहां दो दिन तक उपचार के बाद बुधवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
मॉर्निंग वॉक के दौरान पीछे से आई ई-रिक्शा ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, रूपा राय आईआईटी रुड़की में प्रोफेसर पार्थ राय की पत्नी थीं। 21 सितंबर, सोमवार की सुबह वह रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। इसी दौरान सड़क पर पहुंचते ही पीछे से आए अनियंत्रित ई-रिक्शा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रूपा राय सड़क पर गिर पड़ीं और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
गंभीर हालत में देहरादून किया गया रेफर
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल रूपा राय को तत्काल रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया। डॉक्टरों की निगरानी में करीब दो दिन तक उनका उपचार चला, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, आरोपी चालक हिरासत में
बुधवार को उपचार के दौरान रूपा राय की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए ई-रिक्शा चालक पंकज को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ई-रिक्शा को भी कब्जे में ले लिया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।



