सिडकुल में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, दो प्रतिष्ठानों से 13 किलो कुट्टू का आटा नष्ट कराया
हरिद्वार। त्योहारी सीजन के बीच खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सिडकुल क्षेत्र में कार्रवाई की। विभाग की टीम ने दो प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुट्टू के आटे के नमूने लिए। जांच के दौरान बिना निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि के कुट्टू का आटा बिक्री के लिए रखे जाने का मामला सामने आया। इसके बाद मौके पर कुल 13 किलो कुट्टू का आटा नष्ट कराया गया। वहीं, संबंधित कारोबारियों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करने की तैयारी की जा रही है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने यह अभियान चलाया। टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। इस दौरान सिडकुल क्षेत्र के महादेवपुरम, शिवम विहार कॉलोनी और काला गेट स्थित प्रतिष्ठानों के साथ खाद्य कारोबारियों एवं सप्लाई वाहनों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान महादेवपुरम स्थित शैलेव प्रोविजन स्टोर में खुला कुट्टू का आटा संग्रहित कर बिक्री के लिए रखा मिला। आटे के बैग पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं थी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से आटे का एक नमूना लिया और शेष पांच किलो आटे को नष्ट करा दिया। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
इसी अभियान के दौरान महादेवपुरम क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक हर्षित अवस्थी को प्लास्टिक के बैग में रखकर करीब 10 किलो खुला कुट्टू का आटा सप्लाई करते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में चालक ने बताया कि ई-रिक्शा का मालिक और कुट्टू आटे का सप्लायर शिवम विहार कॉलोनी, काला गेट, सिडकुल स्थित महादेव ट्रेडर्स का मालिक पंकज कुमार पुत्र श्री रोहिताश है।
इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम चालक को साथ लेकर महादेव ट्रेडर्स पहुंची और प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां भी कुट्टू के आटे का एक नमूना लिया गया। इसके बाद मौके पर शेष आठ किलो खुले कुट्टू के आटे को गड्ढे में दबाकर नष्ट करा दिया गया। इस तरह दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 13 किलो कुट्टू का आटा नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने और निर्माण व एक्सपायरी तिथि अंकित किए बिना खुले कुट्टू के आटे की बिक्री के मामले में महादेवपुरम स्थित शैलेव प्रोविजन स्टोर के मालिक शैलेव कुमार पुत्र राम ईश्वर तथा शिवम विहार कॉलोनी, काला गेट स्थित महादेव ट्रेडर्स के मालिक पंकज कुमार के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर कराया जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित मानकों का पालन करें और उपभोक्ताओं की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता न करें।












