आरोपी की कार हाईवे पर एक ढाबे के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद वह कार से उतरकर भागने लगा। पीछा कर रहे होमगार्ड संजीव कुमार ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने कार से धारदार हथियार निकालकर उनकी गर्दन पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए होमगार्ड ने हाथ आगे कर दिया, जिससे उनके दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया। घायल होमगार्ड को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अंगूठे में पांच टांके लगाए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात के बाद हथियार लहराते हुए पास के गन्ने के खेत में घुसकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में कांबिंग कर आरोपी की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने आरोपी की कार को कब्जे में ले लिया है। होमगार्ड की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।













